नशे पर सख्ती से रोक लगाए एवं भारी वाहनों के आवागमन पर करे नियंत्रण

रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने रायपुर जिले में विकासखंड स्तर की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से गांवों में जाकर आम लोगों और हितग्राहियों से सीधे संवाद करें, उनकी समस्याएं समझें और योजनाओं की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लें।

बैठक में राज्यपाल ने जिला प्रशासन द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट अजा”, “प्रोजेक्ट ग्रीन पालना” और “प्रोजेक्ट रचना” की सराहना की। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने और लोगों से जुड़कर ही योजनाओं का सही मूल्यांकन किया जा सकता है।

जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए राज्यपाल ने विभिन्न विकासखंडों में हो रहे डबरी निर्माण की प्रशंसा की। उन्होंने बड़े किसानों को इस दिशा में आगे आने के लिए प्रेरित करने की बात कही, ताकि जलस्तर में सुधार हो और भविष्य में पेयजल संकट से निपटा जा सके। साथ ही, उन्होंने अन्य राज्यों के सफल मॉडल अपनाने की भी सलाह दी।

राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में धान की खेती अधिक होने से पानी की खपत बढ़ती है, इसलिए किसानों को वैकल्पिक फसलों की ओर भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने जल संसाधनों के संरक्षण, उनके समुचित उपयोग और प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर जल स्रोतों का रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर छोटी-छोटी डबरी बनाने, सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करने और शासकीय कार्यालयों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग को अनिवार्य रूप से लागू करने पर जोर दिया। इसके साथ ही अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।

“हर घर मुनगा” योजना की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने हाइड्रोपोनिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने और वैल्यू एडिशन पर ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

बैठक में यातायात व्यवस्था और नशे की बढ़ती समस्या पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल ने भारी वाहनों के नियंत्रण, तेज रफ्तार पर अंकुश और हेलमेट को लेकर पहले जागरूकता अभियान चलाने तथा जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के खिलाफ सख्ती और जनजागरूकता दोनों पर समान रूप से जोर दिया।

इस अवसर पर राज्यपाल की उपसचिव सुश्री निधि साहू सहित जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *