बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने होटल के कमरे में अपनी 5 और 10 साल की दो बेटियों की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
सिक्योरिटी मैनेजर की सूचना पर पहुंची पुलिस
नॉर्थ ईस्ट बेंगलुरु के डीसीपी जीके मिथुन कुमार के मुताबिक, सोमवार शाम होटल के सिक्योरिटी मैनेजर ने पुलिस को कमरे में दो बच्चियों की संदिग्ध मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
होटल के कमरे में 5 और 10 साल की दोनों बच्चियां मृत मिलीं, जबकि उनका पिता गंभीर हालत में पड़ा था। होटल सुरक्षाकर्मियों की मदद से आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपी बेंगलुरु नॉर्थ के नागावारा इलाके का रहने वाला बताया गया है।
सुसाइड नोट में पत्नी को लेकर लगाए आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चियों की हत्या उनके पिता ने ही की। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें आरोपी ने पत्नी के साथ चल रहे विवाद का जिक्र किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी के चरित्र को लेकर शक जताया है और दावा किया है कि उसके पास पत्नी के अन्य पुरुषों के साथ संबंध होने के सबूत हैं। हालांकि, पुलिस इन दावों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
दिल्ली में भी पत्नी और बेटी पर चाकू से हमला
इसी बीच दिल्ली से भी पारिवारिक विवाद से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है। मानसरोवर पार्क इलाके में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और 15 वर्षीय बेटी पर चाकू से हमला करने का आरोप है।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति को 4 अगस्त को गिरफ्तार किया था। इससे पहले 1 अगस्त को जीटीबी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि 38 वर्षीय महिला और उसकी बेटी को चाकू के गंभीर घावों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। दोनों मामलों में पुलिस पारिवारिक विवाद और घटनाओं के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।