प्रेमी ने दोस्तों के साथ मिलकर किशोरी से किया गैंगरेप, फिर चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट

नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के कथित प्रेमी ने अपने तीन नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने शिकायत के डर से किशोरी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और शव को सुनसान मैदान में फेंककर फरार हो गए। दिल्ली पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी और तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।

13 सितंबर को खुले मैदान में मिला था शव

घटना का खुलासा 13 सितंबर की सुबह हुआ, जब स्वरूप नगर थाना पुलिस को कुशक रोड स्थित लाल बाउंड्री के पास जयपाल राणा के खेत के खुले मैदान में शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस के अनुसार, शव बेहद क्षत-विक्षत हालत में था और जंगली जानवरों ने उसे बुरी तरह नोंच खाया था। चेहरे और शरीर की हालत देखकर शुरुआत में पुलिस ने शव को किसी वयस्क महिला का समझा था।

क्राइम और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में परिजनों द्वारा पहचान किए जाने पर मृतका के नाबालिग किशोरी होने की पुष्टि हुई।

50 से अधिक CCTV कैमरों से मिला सुराग

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश वरन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों की जांच शुरू की। पुलिस ने 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध टेंपो की गतिविधियां सामने आईं। नंबर प्लेट साफ नहीं दिखने पर पुलिस ने अलग-अलग चौराहों की फुटेज जोड़कर टेंपो का रूट ट्रैक किया।

15 सितंबर की रात पुलिस को यह टेंपो खड्डा कॉलोनी में खड़ा मिला। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस को हत्याकांड से जुड़े अहम सुराग मिले।

शराब पार्टी के बाद वारदात का आरोप

पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी मृतका का कथित प्रेमी था। आरोप है कि वारदात वाली रात उसने अपने तीन दोस्तों के साथ शराब पी। इसके बाद चारों ने सुनसान इलाके में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को डर था कि किशोरी घटना की शिकायत परिजनों या पुलिस से कर देगी। इसी डर के चलते उन्होंने चाकू से किशोरी पर कई वार किए और उसे खुले मैदान में छोड़कर फरार हो गए।

चाकू, खून से सने कपड़े और टेंपो जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो चाकू, घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े और टेंपो जब्त किया है। मामले में मुख्य आरोपी के साथ तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *