टेमरी में हुई महिला के मर्डर की गुत्थी सुलझी, लाख की सुपारी देकर कराया गया था मर्डर, 6 आरोपी गिरफ्तार  

दुर्ग | दुर्ग जिला के पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम टेमरी में पिछले दिनों हुई एक महिला की सिर कुचलकर हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। गुरुवार को एएसपी सुखनंदन राठौर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि, महिला की हत्या एक लाख रुपए की सुपारी देकर कराई गई थी। मृत महिला की पहचान पोटिया चौक निवासी गंगोत्री ऊर्फ गंगा जांगड़े के रूप में हुई थी।

पुलिस ने बताया कि मृत महिला दो व्यक्तियों के संपर्क में थी। उन दोनों व्यक्तियों को नौकरी लगवाने के नाम पर विगत 7-8 माह से रकम देती थी। जब काफी दिनों तक नौकरी नहीं लगी तो गंगोत्री ने दोनों व्यक्तियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। गंगोत्री ने आरोपी को कहा कि नौकरी लगाने के नाम पर पैसा लिया और नौकरी नहीं लगा रहे हो। तब आरोपी ने कहा सभी को बता दो कि दिनांक 20सितम्बर को सभी का साक्षात्कार हो जायेगा।

मृतिका गंगोत्री ने लोगों को कहा कि कहा कि अगर 20सितम्बर को साक्षात्कार नहीं हुआ तो शिकायत करेगी। इससे आरोपी डर गया और अपने साथी निर्भय जांगड़े निवासी जालबांधा को गंगोत्री की हत्या के लिए एक लाख की रकम देकर तैयार किया। रकम निर्भय के छ.ग. राज्य ग्रामीण बैंक शाखा कातुलबोर्ड के एकाउन्ट में ट्रांसफर किया। गंगोत्री की हत्या की योजना में हेमलता बंजारे भी शामिल हुई तीनों ने वीडियो कान्फ्रेंस में बात कर हत्या की योजना बनाई।

आरोपी ने कई बार हेमलता के खाते में बड़ी रकम ट्रासंफर किया था।पुलिस ने बताया कि योजना के मुताबिक 19 सितंबर को आरोपी ने मृत महिला को रात 9 बजे खाना खाने ढाबा चलने के लिये राजी किया। निर्भय और एक अन्य आरोपी बाईक में लेकर उसे ढाबा गये। रास्ते में टेमरी ले जाकर निर्भय ने अपना बेल्ट निकाला और एक आरोपी ने गंगोत्री को पटक दिया और बेल्ट, चुनरी से गंगोत्री का गला घोटा जिससे गंगोत्री की मौत हो गई।

मृतिका की पहचान छुपाने उसके चेहरे को पत्थर से पटक कर विकृत कर दिया। मृतिका का जेवर एक आरोपी ने उतारा। मृतिका का मोबाईल निर्भय ने रखा। दोनों आरोपी बाईक से बाफना टोल प्लाजा आए। ढाबा में खाना खाए फिर कातुल बोर्ड आ गए।आरोपियों ने मृतिका का जेवर आर्टिफिशियल होने पर पर्स सहित फेंक दिया। एक आरोपी ने अपनी बाईक हीरो एच एफ डीलक्स सीजी 07 डी वाय 4975 को मित्र विधि से संघर्षरत बालक और जयदीप को घटना बताकर छुपाने दे दिया।

आरोपी निर्भय ने मृतिका के मोबाईल को मनीष बंजारे, पवन सिंह को घटना बताकर छुपाने दे दिया और फरार हो गए।मामले में आरोपी निर्भय, मनीष बंजारे, जयदीप साहू, पवन कुमार, हेमलता बंजारे और एक विधि से संघर्षरत बालक को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपी प्रकरण में आपराधिक षडयंत्र, साक्ष्य छिपाना जेवर लूटना व अपराधी को संरक्षण देना पाये जाने पर विधिवत धाराओं का समावेश किया जा रहा है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पार्टी रवाना कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *