भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में 9,662 रिक्त पदों पर भर्ती को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। भर्ती प्रक्रिया का संचालन मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) करेगा और जल्द ही विस्तृत भर्ती अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
कॉन्स्टेबल से लेकर एसआई तक होगी भर्ती
सरकार की मंजूरी के अनुसार पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सबसे अधिक 7,500 पद कॉन्स्टेबल (जनरल ड्यूटी) के हैं। इसके अलावा 1,000 पद कॉन्स्टेबल (ड्राइवर), 655 पद स्टेनो कैडर और 507 पद सूबेदार एवं सब-इंस्पेक्टर (SI) के लिए स्वीकृत किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मिली मंजूरी
हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान विभाग में लंबे समय से रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए थे। इसके बाद गृह विभाग ने प्रशासनिक स्वीकृति जारी करते हुए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया। सरकार का कहना है कि पुलिस बल को मजबूत बनाने और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
ESB जल्द जारी करेगा विस्तृत नोटिफिकेशन
भर्ती का जिम्मा मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) को सौंपा गया है। बोर्ड जल्द आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा, जिसमें आवेदन शुरू होने और अंतिम तिथि, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), चयन प्रक्रिया, आवेदन शुल्क सहित सभी आवश्यक जानकारी दी जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे ESB की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखें।
18 हजार पदों पर भर्ती का लक्ष्य
राज्य सरकार का लक्ष्य पुलिस विभाग में करीब 18 हजार रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरना है। पहले चरण में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है, जबकि शेष पदों पर भी जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी सरकार ने पुलिस विभाग में 8,500 पदों पर भर्ती को स्वीकृति दी थी।