बीमा पॉलिसी रिफंड के नाम पर 1.60 करोड़ की साइबर ठगी, तीन आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

दुर्ग रेंज साइबर थाना दुर्ग पुलिस ने बीमा पॉलिसी और शेयर रिफंड के नाम पर करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से 03 मोबाइल फोन, 06 बैंक पासबुक, 04 चेकबुक और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। जांच में आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, रेंज साइबर थाना दुर्ग में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(4), 336(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। शिकायतकर्ता कपिल सिंह वर्मा निवासी रुआबांधा, भिलाई ने बताया था कि आरोपियों ने बीमा पॉलिसी और शेयर रिफंड दिलाने का झांसा देकर 17 अक्टूबर 2023 से 23 फरवरी 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.60 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

जांच के दौरान पहले एक बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद पुलिस टीम ने दिल्ली में दबिश देकर मनमीत सिंह, ईशांत माहे उर्फ देशू और अमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगी में इस्तेमाल करने के लिए एक नाइजीरियाई व्यक्ति जानसन’ को उपलब्ध कराया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 03 मोबाइल फोन, 06 बैंक पासबुक, 04 चेकबुक और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में भी साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। आरोपियों को दिल्ली से विधिवत गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया है, जहां उनसे आगे पूछताछ जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज के निर्देशन में की गई। अभियान में उप पुलिस अधीक्षक डॉ. चित्रा वर्मा, निरीक्षक पुष्पेंद्र भट्ट, उप निरीक्षक यशवंत श्रीवास्तव तथा साइबर थाना दुर्ग की टीम के आरक्षक सुरेंद्र कटरे, आवेश खान, कामेश्वर देशमुख और विक्रम सिंह राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी

  • मनमीत सिंह (निवासी तिलक विहार, तिलक नगर, नई दिल्ली)
  • ईशांत माहे उर्फ देशू (निवासी निहाल विहार, दिल्ली)
  • अमनदीप सिंह (मूल निवासी श्रीगंगानगर, राजस्थान, वर्तमान पता निहाल विहार, दिल्ली)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *