मानसून की विदाई से पहले आसमान में आफत, 23 राज्यों में तूफान और भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली, 14 सितंबर 2026। देश में मानसून की विदाई से पहले मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने आज 14 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत 23 राज्यों में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज यूपी, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, त्रिपुरा, असम, मेघालय और नागालैंड में बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है।

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की है। बिलासपुर, सूरजपुर, रायपुर, सरगुजा, जांजगीर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, महासमुंद और बस्तर में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

यूपी और बिहार में भी मौसम बिगड़ने के आसार

उत्तर प्रदेश के मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, झांसी, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, बलिया, गाजीपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। वहीं बिहार के गया, पूर्वी चंपारण, रोहतास, नवादा, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, अररिया और खगड़िया समेत कई जिलों में भी मौसम खराब रह सकता है।

दिल्ली समेत उत्तर भारत में बारिश के आसार

दिल्ली में आज मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। पंजाब और राजस्थान के कई हिस्सों में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है।

मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भी अलर्ट

मध्य प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड के रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, जमशेदपुर, पलामू, खूंटी और दुमका में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। ओडिशा के पुरी, भद्रक, मयूरभंज, भुवनेश्वर, बालासोर और क्योंझर में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और तेज आंधी, बिजली तथा वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *