वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जल्द ही नए एआई सलाहकार यानी ‘एआई जार’ की नियुक्ति करने और देश में संघीय एआई फोर्स गठित करने का ऐलान किया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इसकी जानकारी दी। हालांकि, प्रस्तावित एआई फोर्स की संरचना, जिम्मेदारियों और गठन की समयसीमा को लेकर उन्होंने फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन एआई उद्योग के विकास में किसी तरह की बाधा नहीं डालेगा और इसके विस्तार पर नजर रखेगा। उनका कहना है कि एआई से जुड़ी संभावित गड़बड़ियों या गलत गतिविधियों से निपटने के लिए मौजूदा आपराधिक और नागरिक न्याय व्यवस्था पर्याप्त है। ऐसे मामलों के लिए अतिरिक्त नियमों की जरूरत नहीं है।
अमेरिका में एआई तकनीक के संभावित जोखिमों और सुरक्षा को लेकर विशेषज्ञों के बीच चर्चा लगातार बढ़ रही है। वहीं, ट्रंप प्रशासन एआई के विकास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को लेकर अपनी नीति पर जोर देता रहा है।
अमेरिका और चीन के बीच एआई तकनीक में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को आर्थिक और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देश एआई को भविष्य की तकनीकी और सैन्य क्षमता से जोड़कर देख रहे हैं।
अगर ट्रंप की यह योजना लागू होती है, तो उनके कार्यकाल में यह दूसरी बार होगा जब प्रशासन में एआई से जुड़े शीर्ष पद पर नियुक्ति की जाएगी। इससे पहले वेंचर कैपिटलिस्ट डेविड सैक्स इस भूमिका की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।