पटना। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। अगमकुआं थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया और बस समेत पुलिस की गाड़ियों व कई दोपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय मनीष कुमार सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उसे कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने बस को घेर लिया और उसमें आग लगा दी।
दमकल टीम को भी खदेड़ा
आग लगने की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हालात बिगड़ने के कारण उपद्रवियों ने दमकलकर्मियों को भी वहां से खदेड़ दिया। बवाल को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम को भी भीड़ के विरोध और हिंसा का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई।
उपद्रवियों ने पुलिस की तीन जीपों और मौके पर खड़ी कई बाइकों में आग लगा दी। अचानक हिंसा बढ़ने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पत्रकारों को भी बनाया निशाना
घटना की कवरेज करने पहुंचे पत्रकार भी भीड़ के आक्रोश से बच नहीं सके। उपद्रवियों ने मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट की और एक न्यूज चैनल के रिपोर्टर की माइक आईडी छीन ली। बवाल के दौरान कई लोग अपनी बाइक सड़क पर ही छोड़कर भाग गए, जिन्हें बाद में उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया।
भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एएसपी राज कुमार सिंह ने बताया कि सड़क पार करते समय मनीष कुमार बस की चपेट में आ गया था। हादसे के बाद भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने उत्पात मचाया।
पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को मौके से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति नियंत्रण में है और घटना की जांच की जा रही है।