सामान्य ट्रेन से बुलेट ट्रेन तक: ड्राइवर की भर्ती, काम और वेतन में क्या होगा बदलाव?

मुंबई। भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है। परियोजना के साथ अब लोगों की दिलचस्पी इस बात में भी बढ़ रही है कि हाईस्पीड ट्रेन चलाने वाले ड्राइवर यानी HSR Pilot का चयन किस तरह किया जाएगा और उनकी योग्यता व वेतन कितना होगा।

बुलेट ट्रेन का संचालन नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के माध्यम से किया जाएगा। सामान्य ट्रेनों की तुलना में हाईस्पीड ट्रेन के संचालन के लिए अधिक तकनीकी दक्षता और विशेष प्रशिक्षण की जरूरत होगी। संभावित चयन प्रक्रिया में मेडिकल फिटनेस, बेहतर दृष्टि, तेज प्रतिक्रिया क्षमता और साइकोमेट्रिक टेस्ट जैसे मानकों को महत्व दिया जा सकता है।

सामान्य ट्रेन के ड्राइवर से कितनी अलग होगी जिम्मेदारी?

बुलेट ट्रेन अत्याधुनिक तकनीक, हाईस्पीड ब्रेकिंग सिस्टम और उन्नत सुरक्षा व्यवस्था से लैस होगी। ऐसे में इसके संचालन के लिए चुने गए उम्मीदवारों को विशेष तकनीकी प्रशिक्षण और पर्याप्त प्रैक्टिस कराई जाएगी। ट्रेनिंग पूरी करने और निर्धारित मानकों को पूरा करने के बाद ही उन्हें हाईस्पीड ट्रेन चलाने की अनुमति मिलने की संभावना है।

कौन बन सकता है बुलेट ट्रेन का ड्राइवर?

मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के लिए ड्राइवर की जिम्मेदारी सामान्य लोको पायलट से अलग और अधिक तकनीकी होगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उम्मीदवार के पास संबंधित इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या डिग्री होना जरूरी हो सकता है। इसके अलावा भारतीय रेलवे या सरकारी मेट्रो में ट्रेन संचालन का कम से कम तीन साल का अनुभव भी अपेक्षित बताया जा रहा है।

इसका मतलब है कि किसी फ्रेशर को सीधे बुलेट ट्रेन का ड्राइवर बनने का मौका मिलने की संभावना नहीं है। अनुभवी उम्मीदवारों को चयन के बाद हाईस्पीड ट्रेन के संचालन से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग से गुजरना होगा।

कितनी हो सकती है सैलरी?

बुलेट ट्रेन ड्राइवरों की सैलरी को लेकर अभी NHSRCL की ओर से आधिकारिक वेतनमान स्पष्ट नहीं किया गया है। मौजूदा रेलवे में अनुभवी मेल और एक्सप्रेस लोको पायलटों का वेतन भत्तों समेत अलग-अलग स्तर पर होता है। वहीं, बुलेट ट्रेन के ड्राइवरों को उनकी अतिरिक्त तकनीकी जिम्मेदारी और विशेषज्ञता के कारण बेहतर वेतन मिलने की संभावना जताई जा रही है।

कुछ मीडिया रिपोर्टों में बुलेट ट्रेन ड्राइवरों की संभावित सैलरी ₹40 हजार से ₹1.25 लाख रुपये तक होने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, अंतिम वेतनमान भर्ती नियम और NHSRCL की आधिकारिक अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *