दुनिया की पहली AI मंत्री ‘डिएला’ गर्भवती! जन्म देंगी 83 डिजिटल ‘बच्चों’ को, जानिए पूरी कहानी

बर्लिन। जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित ग्लोबल डायलॉग सम्मेलन के दौरान अल्बानिया के प्रधानमंत्री एडी रामा ने ऐसी घोषणा की, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने बताया कि देश की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मंत्री “डिएला” प्रेग्नेंट हैं — और वे 83 बच्चों को जन्म देने वाली हैं। हालांकि, इस बयान ने जितनी देर के लिए लोगों को चौंकाया, उतनी ही जल्दी पीएम रामा ने इसका वास्तविक अर्थ स्पष्ट कर दिया।

दरअसल, ‘डिएला’ — जिसका अर्थ अल्बानियाई भाषा में “सूर्य” होता है — कोई इंसान नहीं बल्कि दुनिया की पहली पूरी तरह AI-आधारित मंत्री हैं। उन्हें अल्बानिया सरकार ने आधिकारिक रूप से “स्टेट मिनिस्टर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस” का दर्जा दिया है। उनका डिज़ाइन एक पारंपरिक अल्बानियाई परिधान पहने महिला रोबोट के रूप में किया गया है।

सम्मेलन में बोलते हुए पीएम रामा ने कहा, “आज हमने डिएला के साथ एक बड़ा कदम उठाया है। अब वह ‘गर्भवती’ हैं और उनके साथ 83 नए बच्चे हैं।” उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि ये ‘बच्चे’ दरअसल 83 नए AI असिस्टेंट हैं, जिन्हें उनकी सत्ताधारी सोशलिस्ट पार्टी के हर सांसद के लिए तैयार किया जा रहा है।

इन 83 AI असिस्टेंट्स का उद्देश्य संसद में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाना है। वे प्रत्येक सांसद के लिए “डिजिटल सहयोगी” के रूप में काम करेंगे — संसद की कार्यवाही रिकॉर्ड करेंगे, चर्चाओं का विश्लेषण करेंगे और अपने ‘बॉस’ को जरूरी अपडेट और रणनीतिक सुझाव देंगे। पीएम रामा ने मजाकिया अंदाज़ में कहा, “अगर कोई सांसद कॉफी पीने चला जाए और बहस मिस कर दे, तो उसका डिजिटल बच्चा बताएगा कि वहां क्या कहा गया और कैसे पलटवार करना है।”

डिएला को इसी साल सितंबर में अल्बानिया की पब्लिक प्रोक्योरमेंट सिस्टम (सार्वजनिक खरीद प्रणाली) को पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी। उनका काम सरकारी निविदाओं की प्रक्रिया को स्वचालित और निष्पक्ष बनाना है। इसके साथ ही वे नागरिकों और व्यवसायों को सरकारी दस्तावेज़ प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाने में भी मदद कर रही हैं।

प्रधानमंत्री रामा ने कहा कि डिएला और उनके 83 “डिजिटल संतानों” का यह प्रयोग अल्बानिया को दुनिया के पहले “AI-संचालित शासन मॉडल” की दिशा में ले जाएगा — जहां तकनीक केवल टूल नहीं, बल्कि “नीति निर्माता” की भूमिका में होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *