गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने की मांग, यादव समाज ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

दुर्ग | 27 अप्रैल, 2026 : देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग को लेकर अब यादव समाज ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को दुर्ग जिला ठेठवार यादव महासभा के पदाधिकारियों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की और जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा।

सनातन संस्कृति का आधार है गौ माता

महासभा के पदाधिकारियों का कहना है कि गौ माता न केवल हमारी सनातन संस्कृति का प्रतीक हैं, बल्कि वे भारतीय कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार भी हैं। ज्ञापन में इस बात पर जोर दिया गया कि गौ हत्या पर देशभर में एक सख्त कानून बनाकर इस पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जानी चाहिए। संगठन के अनुसार, यह मांग करोड़ों सनातनियों की आस्था और भावनाओं से जुड़ी हुई है।

डोली में मांग पत्र लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारी

प्रदर्शन के दौरान एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और यादव समाज के लोग एक डोली में गौ माता का मांग पत्र रखकर कलेक्टोरेट पहुंचे। इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने गौ माता के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा व्यक्त की।

आंदोलन की चेतावनी

महासभा ने स्पष्ट कर दिया है कि यह केवल एक ज्ञापन नहीं, बल्कि एक बड़े आंदोलन की शुरुआत है। पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक गौ माता को उनका उचित सम्मान और अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक वे चुप नहीं बैठेंगे। आने वाले समय में इस मांग को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रखने की चेतावनी भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *