खैरागढ़। हृदय को स्वस्थ रखने और लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व हृदय दिवस पर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान में जिला स्तरीय योग शिविर आयोजित किया गया। योग जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों समेत अन्य प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सभी ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के आदेशानुसार किया गया।
योग और प्राणायाम का कराया अभ्यास
शिविर में आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों एवं पतंजलि योग समिति के सदस्यों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस दौरान नियमित योग को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि विश्व हृदय दिवस हर वर्ष 29 सितंबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को हृदय रोगों के प्रति जागरूक करना और हृदय को स्वस्थ रखने के लिए बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
स्वस्थ हृदय के लिए जरूरी सावधानियां
विशेषज्ञों ने बताया कि हृदय रोगों से बचाव के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि और योग, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, तंबाकू व नशीले पदार्थों से दूरी, तनाव प्रबंधन तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच जरूरी है। स्वस्थ हृदय को स्वस्थ शरीर और बेहतर जीवन की आधारशिला बताया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष बघेल, NPNCD नोडल अधिकारी डॉ. पंकज वैष्णव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव, जिला सलाहकार आरती चतुर्वेदानी, सहायक नोडल अधिकारी नागेश सिमकर, BPM बृजेश ताम्रकार और वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी रामटेके सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक एवं पतंजलि योग समिति के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को “योग अपनाएं, हृदय स्वस्थ रखें और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं” का संदेश दिया गया।