mental health : आज की तेज रफ्तार जिंदगी में तनाव, काम का दबाव और मानसिक थकान आम समस्या बन गई है। ऐसे में विशेषज्ञ मानते हैं कि शाम के समय सिर्फ 15 से 20 मिनट योग के लिए निकालना शरीर और मन दोनों के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है। आयुष मंत्रालय भी नियमित योग अभ्यास को स्वस्थ जीवनशैली का अहम हिस्सा मानता है। योग न सिर्फ शरीर को आराम देता है, बल्कि मानसिक शांति और बेहतर नींद में भी मदद करता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, शाम का समय योग के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है क्योंकि इस दौरान शरीर धीरे-धीरे रिलैक्स मोड में आने लगता है। सही तरीके से किए गए कुछ आसान योगासन कुछ ही दिनों में सकारात्मक असर दिखाने लगते हैं।
बालासन: यह आसन तनाव और मानसिक थकान को कम करने में मदद करता है। इसमें शरीर को आगे झुकाकर विश्राम की मुद्रा में लाया जाता है, जिससे पीठ, कंधों और गर्दन की जकड़न कम होती है। यह दिमाग को शांत कर मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक है।

मार्जरीआसन: यह योगासन रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाने और शरीर में रक्त संचार बेहतर करने में मदद करता है। लंबे समय तक बैठने से होने वाली अकड़न को कम करने के लिए यह बेहद उपयोगी माना जाता है।

पश्चिमोत्तानासन: यह आसन पूरे शरीर, विशेषकर रीढ़ और पैरों की मांसपेशियों को खिंचाव देता है। यह न केवल शारीरिक तनाव को कम करता है, बल्कि मन की चिंता और बेचैनी को भी शांत करता है। इसके साथ ही यह पाचन तंत्र को भी सुधारने में सहायक है।

विपरीत करणी: इस आसन में पैरों को ऊपर उठाकर शरीर को आराम की स्थिति में रखा जाता है। यह थके हुए पैरों को राहत देने, रक्त संचार सुधारने और मानसिक शांति बढ़ाने में मदद करता है। नींद न आने की समस्या में भी यह आसन काफी लाभकारी माना जाता है।
शवासन: यह सबसे सरल लेकिन प्रभावी योगासन है, जिसमें शरीर पूरी तरह ढीला छोड़ दिया जाता है और ध्यान सांसों पर केंद्रित रहता है। यह शरीर और मन को गहरी विश्राम अवस्था में ले जाता है और पूरे दिन की थकान दूर करने में मदद करता है।