नेमार की ब्राजील टीम में वापसी, फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए स्क्वाड घोषित

ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार की राष्ट्रीय टीम में वापसी हो गई है। उन्हें जून में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए ब्राजील की टीम में शामिल किया गया है। करीब ढाई साल बाद उनकी नेशनल टीम में वापसी हुई है।

ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने रियो डी जनेरियो में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेमार के नाम की घोषणा की। इससे टीम चयन को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया।

एंसेलोटी ने कहा कि नेमार को सिर्फ बैकअप खिलाड़ी के तौर पर नहीं चुना गया है, बल्कि वह अपनी प्रतिभा से टीम को मजबूती दे सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ी का चयन उसके प्रदर्शन और ट्रेनिंग के आधार पर किया जाएगा।

34 वर्षीय नेमार अब तक ब्राजील के लिए 128 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और 79 गोल कर चुके हैं। वह ब्राजील की ओर से सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2023 में उरुग्वे के खिलाफ वर्ल्ड कप क्वालीफायर में खेला था, जिसमें उन्हें गंभीर चोट लगी थी।

ब्राजील टीम के लिए यह वापसी काफी अहम मानी जा रही है। सैंटोस क्लब में वापसी के बाद नेमार ने 38 मैचों में 17 गोल किए हैं और अपनी फॉर्म वापस हासिल करने की कोशिश की है।

ब्राजील वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच 13 जून को मोरक्को के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद ग्रुप-सी में उसका मुकाबला हैती और स्कॉटलैंड से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *