LIC की 70वीं वर्षगांठ पर ग्राहकों को बड़ा तोहफा, लॉन्च किए ‘बीमा प्लेटिनम’ और ‘जीवन रक्षा’ प्लान

नई दिल्ली। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने अपनी 70वीं वर्षगांठ के मौके पर ग्राहकों के लिए दो नई बीमा योजनाएं लॉन्च की हैं। LIC के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आर. दोराईस्वामी ने ‘LIC बीमा प्लेटिनम (Plan 770)’ और ‘LIC जीवन रक्षा (Plan 894)’ को देशभर में औपचारिक रूप से पेश किया। दोनों योजनाएं 7 सितंबर 2026 से ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से उपलब्ध होंगी।

बीमा प्लेटिनम में बचत के साथ गारंटीड लाभ

‘बीमा प्लेटिनम’ एक नॉन-लिंक्ड, नॉन-पार्टिसिपेटिंग व्यक्तिगत जीवन बीमा योजना है। इसे बचत के साथ परिवार की वित्तीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

योजना के तहत प्रीमियम भुगतान अवधि के दौरान प्रत्येक वर्ष के अंत में प्रति ₹1,000 वार्षिक प्रीमियम पर ₹70 का गारंटीड एडिशन मिलेगा। इसके अलावा, पात्रता के अनुसार पॉलिसीधारक के जीवित रहने पर 70 प्रतिशत बूस्टर इनकम का लाभ भी मिलेगा। वहीं, भुगतान अवधि के दौरान हर साल 10 प्रतिशत रेगुलर इनकम का प्रावधान किया गया है।

इस योजना में न्यूनतम बेसिक सम एश्योर्ड ₹3 लाख है, जबकि अधिकतम सीमा तय नहीं की गई है। इसमें 30 दिन के नवजात शिशु से लेकर 55 वर्ष तक के लोग शामिल हो सकते हैं। प्रीमियम भुगतान अवधि 7 से 18 वर्ष तक चुनी जा सकती है।

जीवन रक्षा में कम प्रीमियम पर सुरक्षा

LIC की दूसरी योजना ‘जीवन रक्षा’ एक नॉन-पार्टिसिपेटिंग, नॉन-लिंक्ड प्योर रिस्क टर्म प्लान है। इसके तहत पॉलिसी अवधि के दौरान पॉलिसीधारक की असामयिक मृत्यु होने पर नॉमिनी को गारंटीड और फिक्स्ड डेथ बेनिफिट मिलेगा।

इस योजना में 18 से 45 वर्ष की आयु के लोग प्रवेश ले सकते हैं। न्यूनतम सम एश्योर्ड ₹5 लाख और अधिकतम ₹24 लाख रखा गया है। ग्राहकों को सिंगल, रेगुलर और लिमिटेड प्रीमियम भुगतान के विकल्प मिलेंगे।

महिलाओं को विशेष प्रीमियम छूट

‘जीवन रक्षा’ योजना में महिला पॉलिसीधारकों के लिए विशेष रियायती प्रीमियम दरों का प्रावधान किया गया है। साथ ही अधिक सम एश्योर्ड चुनने पर छूट का लाभ भी दिया जाएगा। दोनों योजनाओं में ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त राइडर जोड़कर बीमा सुरक्षा बढ़ा सकेंगे।

LIC के अनुसार, दोनों पॉलिसियों की बिक्री 7 सितंबर 2026 से शुरू होगी। ग्राहक इन्हें LIC के अधिकृत एजेंटों, कॉर्पोरेट ब्रोकर्स और LIC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से खरीद सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *