Healthy Lifestyle : गर्मी के मौसम में पेट और सीने में जलन, एसिडिटी, बेचैनी और घबराहट जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। इसका मुख्य कारण शरीर में पानी की कमी, गलत खानपान और लंबे समय तक खाली पेट रहना माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार इस मौसम में हाइड्रेशन और सही डाइट का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि पाचन तंत्र संतुलित रहे और एसिडिटी की समस्या न बढ़े।
पानी की कमी बन सकती है बड़ी वजह
गर्मी में जब शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) हो जाती है, तो पेट में जलन और एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है।
इन घरेलू उपायों से मिल सकती है राहत
1. छाछ और दही का सेवन
छाछ और दही शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं और अच्छे बैक्टीरिया (प्रोबायोटिक्स) प्रदान करते हैं, जो पाचन को मजबूत बनाते हैं। यह पेट की जलन में काफी राहत देते हैं।
2. ठंडा दूध फायदेमंद
सुबह खाली पेट बिना चीनी वाला ठंडा दूध पेट के अतिरिक्त एसिड को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसमें मौजूद कैल्शियम एसिडिटी और सीने की जलन को कम करता है।
3. नींबू पानी से हाइड्रेशन
नींबू पानी शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है, जिससे एसिडिटी की समस्या कम हो सकती है।
4. पुदीना का उपयोग
पुदीना गर्मी में शरीर को ठंडक देता है और पाचन क्रिया को सुधारता है। इसका सेवन पेट की जलन में राहत देता है।
5. केला है प्राकृतिक एंटासिड
केला फाइबर और पोटैशियम से भरपूर होता है। यह प्राकृतिक एंटासिड की तरह काम करता है और पेट की जलन को कम करने में मदद करता है।