पाचन से लेकर मानसिक स्वास्थ्य तक फायदेमंद है उत्तानपादासन, जानिए करने का सही तरीका

Yoga Benefits : आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, अनियमित खानपान और बढ़ते तनाव के बीच योग स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। इन्हीं योगासनों में से एक है उत्तानपादासन, जिसे सरल होने के साथ-साथ बेहद लाभकारी माना जाता है। इसे घर पर बिना किसी विशेष उपकरण के आसानी से किया जा सकता है।

आयुष मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उत्तानपादासन पेट की मांसपेशियों और पेल्विक फ्लोर को मजबूत बनाने में मदद करता है। इस आसन के दौरान पेट के निचले हिस्से पर हल्का दबाव पड़ता है, जिससे रक्त संचार बेहतर होता है और पाचन तंत्र को लाभ मिलता है। नियमित अभ्यास से गैस, कब्ज, अपच, पेट दर्द और भोजन के बाद होने वाले भारीपन जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है।

यह योगासन केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है। अभ्यास के दौरान गहरी और नियंत्रित सांस लेने से मन शांत होता है तथा तनाव और चिंता कम करने में मदद मिलती है। विशेषज्ञों के अनुसार यह नर्वस सिस्टम को रिलैक्स कर मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक हो सकता है, जिससे विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों को विशेष लाभ मिलता है।

उत्तानपादासन करने के लिए सबसे पहले समतल स्थान पर पीठ के बल लेट जाएं। दोनों हाथ शरीर के पास रखें और हथेलियों को नीचे की ओर रखें। इसके बाद धीरे-धीरे सांस लेते हुए दोनों पैरों को एक साथ 30 से 45 डिग्री तक ऊपर उठाएं। कुछ सेकंड तक इस स्थिति में बने रहें और फिर सांस छोड़ते हुए पैरों को धीरे-धीरे नीचे ले आएं। अपनी क्षमता के अनुसार इस प्रक्रिया को दोहराया जा सकता है।

हालांकि विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि हाई ब्लड प्रेशर, गंभीर पीठ दर्द या रीढ़ संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोग यह आसन सावधानीपूर्वक करें। गर्भवती महिलाओं और हाल ही में पेट की सर्जरी कराने वाले व्यक्तियों को इसका अभ्यास शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लेनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *